शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

व्यायाम से अल्जाइमर पर नियंत्रण संभव

C

CG Khabar

06 जुल. 2025, 08:53 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

अल्जाइमर रोग
अल्जाइमर रोग

नई दिल्ली । डेस्क: वैज्ञानिकों ने खोज की है कि नियमित व्यायाम से अल्जाइमर रोग को बढ़ने से रोका जा सकता है. मस्तिष्क, जो मात्र डेढ़ किलोग्राम से भी कम वजन का होता है, हमारे जीवन की गुणवत्ता को नियंत्रित करता है. लेकिन बढ़ती उम्र के साथ स्मृति हानि की समस्या, खासकर अल्जाइमर रोग, एक बड़ी चुनौती बन रही है. वैज्ञानिकों ने अब इस रोग को नियंत्रित करने का एक प्रभावी तरीका खोज निकाला है - नियमित व्यायाम.


मैसाचुसेट्स जनरल अस्पताल के शोधकर्ताओं ने पाया कि व्यायाम अल्जाइमर जैसे रोग को नियंत्रित करने में मददगार है. शोध के अनुसार, मस्तिष्क का हिप्पोकैम्पस हिस्सा, जो स्मृति का भंडार है, व्यायाम से सक्रिय और स्वस्थ रहता है. 


इस क्षेत्र में मौजूद डेंटेट जाइरस स्मृति निर्माण और संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. नियमित व्यायाम से नये न्यूरॉन्स बनते हैं, जिससे स्मृति हानि की संभावना कम होती है.


'नेचर न्यूरोसाइंस' पत्रिका में प्रकाशित इस शोध में बताया गया कि चूहों पर किये गये प्रयोगों में 60 दिनों तक दौड़ने वाले चूहों के हिप्पोकैम्पस में जीन परिवर्तन देखे गये. 


विशेष रूप से 'एटीपीआईएफ1' जीन सक्रिय हुआ, जो नये न्यूरॉन्स के निर्माण में सहायक है. इससे मस्तिष्क की कार्यक्षमता और स्मृति शक्ति में सुधार होता है.


व्यायाम का एक और लाभ यह है कि यह मस्तिष्क में रक्त प्रवाह बढ़ाता है, जिससे न्यूरॉन्स को अधिक ऑक्सीजन और पोषक तत्व मिलते हैं. साथ ही, यह माइक्रोग्लिया जैसे कोशिकाओं को सक्रिय करता है, जो मस्तिष्क को संक्रमण और चोट से बचाते हैं. 


शोधकर्ता क्रिस्टियन रान के अनुसार, भले ही अल्जाइमर का पूर्ण इलाज अभी उपलब्ध नहीं है, लेकिन नियमित व्यायाम स्मृति हानि को रोकने और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP