17 और 18 मार्च से शुरू होगी 5, 8वीं की परीक्षा
छत्तीसगढ़ में 17 और 18 मार्च से शुरू होगी 5, 8वीं की परीक्षा
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में कक्षा पांचवीं और आठवीं की परीक्षा का टाइम टेबल जारी कर दिया गया है.
पांचवीं की परीक्षा 17 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च को समाप्त हो जाएगी. वहीं आठवीं की परीक्षा 18 मार्च से 3 अप्रैल तक चलेगी.
इस साल दोनों ही परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न के अनुसार आयोजित की जाएंगी. दोनों कक्षाओं के प्रश्न पत्र तीन अलग-अलग सेटों में जारी होंगे.
परीक्षा परिणाम 30 अप्रैल को घोषित किया जाएगा.
पांचवीं कक्षा की परीक्षा 17 मार्च को गणित के पेपर से शुरू हो रही है. दूसरी परीक्षा 21 मार्च को अंग्रेजी की होगी.
इसके बाद 24 मार्च सोमवार को हिंदी और 27 मार्च गुरुवार को पर्यावरण की होगी. परीक्षा सुबह 8 बजे से 10 बजे तक होगी.
आठवीं कक्षा के बच्चों की भी परीक्षा गणित के पर्चे के साथ शुरू होगी. पहला पेपर 18 मार्च को गणित और दूसरा पेपर 22 मार्च को हिंदी का होगा.
इसके बाद 26 मार्च को अंग्रेजी, 29 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 1 अप्रैल को विज्ञान और 3 अप्रैल को संस्कृत और उर्दू का पेपर होगा. इसका समय सुबह 8 से 11 बजे तक रहेगा.
बोर्ड पैटर्न पर होगी परीक्षा
शिक्षा विभाग ने परीक्षा संचालन के लिए पूरी रूपरेखा तैयार कर जारी कर दिया है.
दोनों ही परीक्षाओं का संचालन की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी को दी गई है.
विकासखंड शिक्षा अधिकारी स्कूल के हिसाब से पहले रोल नंबर तैयार कर डीईओ को सौंपेंगे.
इसके बाद बच्चों को रोल नंबर मिलेगा, जिसे 28 फरवरी तक स्कूल प्रमुखों को दिया जाएगा.
प्रश्न पत्र तैयारी करने के लिए जिला स्तर पर विषय विशेषज्ञों की कमेटी बनाई जाएगी.
कमेटी द्वारा सभी विषयों के 3 सेट तैयार कर डीईओ को सौंपेगी. परीक्षा के दौरान संकुल, विकासखंड और जिला स्तर की टीमें निगरानी करेंगी.