कांकेर में मुठभेड़, महिला माओवादी का शव बरामद
शुक्रवार सुबह से कांकेर में मुठभेड़ जारी है, जिसमें एक महिला माओवादी का शव मिला है,
कांकेर| संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार सुबह हुई मुठभेड़ में एक महिला माओवादी को मारने का दावा किया है. पुलिस का कहना है कि महिला माओवादी के शव के पास एक हथियार भी मिला है.
मारी गई महिला नक्सली की अभी पहचान नहीं हो पाई है. इलाके में पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही है.यह मुठभेड़ ऐसे समय में हुई है, जब मुठभेड़ स्थल के पास के गांव में आदिवासी बीज पंडूम मना रहे थे.
पुलिस के मुताबिक कलपर के पहाड़ी इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. इसी सूचना के आधार पर डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया.
पुलिस का दावा है कि शुक्रवार की सुबह आमाटोला-कलपर के बीच जंगल पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों और माओवादियों का आमना-सामना हो गया.इसके बाद दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई.
सर्चिंग के दौरान एक महिला माओवादी का शव और हथियार बरामद हुआ है.
जिस छोटे बेठिया के इलाके में मुठभेड़ हुई है, उसी इलाके के कलपर में साल 2024 में हुई मुठभेड़ में 29 माओवादी मारे गए थे, जिसमें कई बड़े कैडर के माओवादी भी शामिल थे.