छत्तीसगढ़ में कर्मचारी फेडरेशन ने की वर्क-फ्रॉम-होम की मांग
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने वैश्विक परिस्थितियों और संभावित ईंधन संकट के मद्देनजर राज्य सरकार से सरकारी कार्यालयों में 'वर्क-फ्रॉम-होम' (घर से काम) व्यवस्था लागू करने की मांग की है. फेडरेशन ने गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मुख्य सचिव अमिताभ जैन को इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा.
फेडरेशन के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध जैसे हालातों के कारण पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता और कीमतों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, ऐसे में ईंधन संरक्षण बेहद जरूरी है.
ज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण और अनावश्यक यात्रा कम करने पर दिए जा रहे जोर का भी हवाला दिया गया है.
प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने तर्क दिया कि चूंकि प्रदेश में ई-ऑफिस और पेपरलेस कार्यप्रणाली पहले से प्रभावी है, इसलिए नवा रायपुर और अन्य कार्यालयों में आने-जाने वाले हजारों कर्मचारियों के लिए वर्क-फ्रॉम-होम का विकल्प व्यावहारिक होगा. इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि यातायात के दबाव और प्रदूषण में भी कमी आएगी.