शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

एलन मस्क बने दुनिया के पहले ट्रिलेनियर

C

CG Khabar

12 जून 2026, 06:36 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

एलेन मस्क
एलेन मस्क

न्यूयॉर्क । डेस्क: दिग्गज एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) ने अमेरिकी शेयर बाजार में धमाकेदार शुरुआत की है. 'SPCX' टिकर सिंबल के साथ नैस्डैक (Nasdaq) पर लिस्ट होते ही कंपनी का मार्केट वैल्यूएशन 2 ट्रिलियन डॉलर (करीब 166 लाख करोड़ रुपये) के पार पहुंच गया. इस ऐतिहासिक लिस्टिंग के साथ ही कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क दुनिया के पहले 'ट्रिलेनियर' बन गए हैं.


शुक्रवार को ट्रेडिंग की शुरुआत में स्पेसएक्स के शेयर $135 के आईपीओ (IPO) प्राइस के मुकाबले 11 फीसदी की बढ़त के साथ $150 पर ओपन हुए. बाजार खुलने के पहले ही घंटे में निवेशकों के भारी उत्साह के चलते यह शेयर $164.99 के स्तर पर पहुंच गया. इस जबरदस्त उछाल के साथ स्पेसएक्स अमेरिका की छठी सबसे मूल्यवान कंपनी बनने की राह पर है.


ब्लूमबर्ग और रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेसएक्स का यह आईपीओ उम्मीद से चार गुना ज्यादा ओवरसब्सक्राइब हुआ. कंपनी ने बाजार से $75 बिलियन जुटाए हैं. 


इस आईपीओ में लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टर्स और सऊदी अरब व कुवैत के सॉवरेन वेल्थ फंड्स की करीब 70 फीसदी हिस्सेदारी रही. न्यूयॉर्क स्थित नैस्डैक मार्केटसाइट पर स्पेसएक्स की प्रेसिडेंट ग्विन शॉटवेल और सीएफओ ब्रेट जॉनसन ने बेल बजाकर इस ऐतिहासिक ट्रेडिंग की शुरुआत की.


हालांकि, इस लिस्टिंग के दौरान न्यूयॉर्क में विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिले. मस्क की एआई कंपनी xAI के 'ग्रोक' (Grok) प्लेटफॉर्म पर लगे डीपफेक विवाद को लेकर प्रदर्शनकारियों ने मार्केटसाइट के बाहर विरोध जताया. 


इसके अलावा, तकनीकी तालमेल और सप्लाई-डिमांड को संतुलित करने के लिए अंडरराइटर्स ने ट्रेडिंग को दिन के मध्य तक रोके रखा, ताकि साल 2012 में मेटा (फेसबुक) की लिस्टिंग के समय हुई तकनीकी खामियों जैसी स्थिति से बचा जा सके.


बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि स्पेसएक्स की यह मेगा-लिस्टिंग आने वाले समय में एंथ्रोपिक (Anthropic) और ओपनएआई (OpenAI) जैसी एआई क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों के आईपीओ के लिए एक बेंचमार्क साबित होगी. 


दिलचस्प बात यह है कि पिछले साल करीब 5 बिलियन डॉलर का घाटा उठाने के बावजूद स्पेसएक्स ने यह मुकाम हासिल किया है, जिसका मुख्य श्रेय उसकी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा 'स्टारलिंक' (Starlink) को जाता है, जो कंपनी के कुल राजस्व में 80 फीसदी का योगदान देती है. 


इस ऐतिहासिक लिस्टिंग के बीच भी स्पेसएक्स ने फ्लोरिडा के केप कैनावेरल से 29 सैटेलाइट्स के साथ अपने फाल्कन 9 रॉकेट को सफलतापूर्वक लॉन्च कर अंतरिक्ष में एक और कदम आगे बढ़ाया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP