डबरी में डूबने से बुजुर्ग दंपति की मौत
सरगुजा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक एक बुजुर्ग दंपति की डबरी में डूबने से मौत हो गई. दोनों घर से नहाने के लिए निकले थे. फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कटिंदा की है.
गुरुवार को करीमन पंडो (65 वर्ष) अपनी पत्नी केंदी पंडो (62 वर्ष) के साथ नहाने के लिए आमाचुआं डबरी गए थे.
दोनों काफी देर तक नहीं लौटे तो उन्हें खोजते हुए उनका बेटा करमसाय पंडो अपनी पत्नी के साथ डबरी पहुंचा.
जहां दोनों के कपड़े डबरी के पास रखे हुए थे, लेकिन दोनों दिखाई नहीं दे रहे थे. डबरे में गौर से देखने पर दोनों का शव पानी पर तैरता हुआ मिला.
ग्रामीणों की मदद से दोनों के शव को बाहर निकाला गया. बताया गया कि दोनों एक एक-दूसरे का हाथ पकड़े हुए थे.
इससे आशंका जताई जा रही है कि दंपति नहाने के दौरान डबरी के गहरे हिस्से में चले गए. इस दौरान जब एक व्यक्ति डूबने लगा, तो दूसरे ने बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों की ही डूबने से मौत हो गई.
घटना की सूचना लखनपुर पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है.