दिल्ली-यूपी-हरियाणा में भूकंप के झटके
नई दिल्ली । डेस्क: गुरुवार सुबह दिल्ली-हरियाणा तथा उत्तरप्रदेश में भूकंप के झटके महसूस किये गये. रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.4 मापी गई.
दिल्ली में मेट्रो रेल को कुछ समय के लिये बंद कर दिया गया था.
भूकंप के झटके सुबह 9.04 बजे महसूस किये गये. लोग डर के मारे घरों से निकल आये. भूकंप का केन्द्र हरियाणा के झज्जर में बताया जा रहा है.
झज्जर में भूकंप के झटके दो बार महसूस किये गये. पहला झटका सुबह 9.07 बजे पर तथा दूसरा झटका 9.10 बजे आया.
एनसीएस के मुताबिक़, "भूकंप का केंद्र हरियाणा के झज्जर में था. इसकी गहराई ज़मीन से लगभग दस किलोमीटर थी."
गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर भूकंप के लिहाज़ से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है और यह सिस्मिक ज़ोन 4 में आता है. यह ज़ोन उच्च भूकंपीय गतिविधि वाले क्षेत्रों में गिना जाता है.
अभी तक जानमाल के हानि की कोई सूचना नहीं मिली है.