दुर्ग: करोड़पति पिता के बेटे को 'हनीट्रैप' में फंसाकर किया किडनैप, 5 गिरफ्तार
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने अपहरण की एक सनसनीखेज साजिश का भंडाफोड़ करते हुए एक नाबालिग लड़के को सुरक्षित छुड़ा लिया है. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक युवती भी शामिल है. चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड पीड़ित का अपना ही चचेरा भाई निकला.
मिली जानकारी के अनुसार, अमलेश्वर थाना क्षेत्र के एक रसूखदार ठेकेदार के बेटे को आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से अपना शिकार बनाया.
आरोपियों ने पहले एक युवती के जरिए नाबालिग को 'हनीट्रैप' में फंसाया और फिर उसे घुमाने के बहाने कार में बिठाकर ले गए.
अपहरण के बाद परिजनों को गुमनाम नंबर से फोन कर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई.
शिकायत मिलते ही दुर्ग पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद ली और लोकेशन धमतरी जिले के भखारा में ट्रेस की.
धमतरी पुलिस के सहयोग से नाकाबंदी कर कार को रोका गया और नाबालिग को सकुशल बरामद कर पांचों आरोपियों सूरज साहू, शैलेंद्र लहरे, रविंद्र लहरे, कृष्णा उर्फ करण साहू और युवती को दबोच लिया गया.
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी को अपने चाचा की संपत्ति का अंदाजा था, जिसके लालच में उसने इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने मौके से अपहरण में इस्तेमाल कार और 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.