दुर्ग: 55 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या: CCTV में दिखे दो संदिग्ध
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलगांव थाना क्षेत्र में एक 55 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. शिवनाथ नदी की ओर जाने वाले एक कच्चे रास्ते के पास झाड़ियों में महिला का अर्धनग्न शव बरामद हुआ था, जिसके सिर को पत्थर से कुचला गया था.
शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस आशंका जता रही है कि हत्या से पहले महिला के साथ दुष्कर्म भी किया गया होगा, हालांकि इसकी अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी.
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं और अब जांच का पूरा दारोमदार सीसीटीवी कैमरों के फुटेज पर टिक गया है. जांच के दौरान पुलिस के हाथ कुछ बेहद अहम सुराग लगे हैं, जिसमें मृतका वारदात से ठीक पहले दो अलग-अलग युवकों के साथ दिखाई दे रही है.
शहर से लेकर पुलगांव ओवरब्रिज तक के कई कैमरों के डीवीआर जब्त कर जब खंगाले गए, तो ये संदिग्ध युवक रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड के पास भी महिला के साथ नजर आए. इसके बाद से ही इन दोनों अज्ञात युवकों पर पुलिस का शक गहरा गया है.
आरोपियों की धरपकड़ के लिए क्राइम ब्रांच, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीमें लगातार तफ्तीश कर रही हैं. संदिग्धों के फुटेज और तस्वीरें निकालकर दुर्ग शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी स्थानीय लोगों और ऑटो चालकों को दिखाकर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है.
पुलिस ने मृतका के परिजनों से भी पूछताछ की है, पर वे भी इन युवकों को पहचानने से इंकार कर रहे हैं.
परिजनों के मुताबिक, मजदूरी कर घर चलाने वाली यह महिला 16 जुलाई की शाम को घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी. काफी खोजबीन के बाद अगले दिन सिटी कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, जिसके कुछ ही घंटों बाद पुलगांव नाले के पास रिलायंस पेट्रोल पंप के बगल से उनका शव बरामद हुआ.
पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों को मजबूत किया जा रहा है और सीसीटीवी में नजर आ रहे दोनों युवकों की गिरफ्तारी के बाद ही इस पूरे मामले का सच सामने आ सकेगा.