बीमारी और बदहाली से तंग आकर विरार में 3 भाई-बहनों ने दी जान, फ्लैट में मिले शव
मुंबई के पास विरार में एक किराए के फ्लैट से दुर्गंध आने के बाद तीन अविवाहित भाई-बहनों के शव बरामद हुए हैं. मरने से पहले गुजराती भाषा में रिकॉर्ड वीडियो में उन्होंने आर्थिक तंगी और बीमारी की लाचारी बताई थी.
मुंबई । डेस्क: विरार (पश्चिम) के ग्लोबल सिटी स्थित गार्डेन एवेन्यू की डी विंग के फ्लैट नंबर 1203 में तीन अविवाहित भाई-बहनों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है. पुलिस को आशंका है कि इन तीनों की मौत जहर का सेवन करने से हुई है और यह सामूहिक आत्महत्या का मामला है.
फ्लैट से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय निवासियों ने इसकी जानकारी दी, जिसके बाद बोतांज (बोलिंज) पुलिस की टीम ने गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा. कमरे के भीतर से तीनों के शव काफी सड़ चुके अवस्था में बरामद किए गए.
मृतकों की पहचान कुमार मेहता (50 वर्ष), दीपेश मेहता (52 वर्ष) और खेवना मेहता (48 वर्ष) के रूप में हुई है. ये तीनों साल 2025 से इस किराए के मकान में रह रहे थे.
अपनी जीवनलीला समाप्त करने से पहले तीनों ने गुजराती भाषा में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था. पुलिस के अनुसार, इस वीडियो में उन्होंने अपनी गंभीर शारीरिक बीमारियों और गहरी आर्थिक बदहाली का जिक्र किया है. तीनों में से एक भाई लकवा (पैरालिसिस) से पीड़ित था, जबकि दूसरा भाई कैंसर का इलाज करा रहा था.
बोलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक प्रकाश कावले के मुताबिक, शवों की स्थिति को देखते हुए आशंका व्यक्त की जा रही है कि तीनों की मौत शव मिलने से तीन से चार दिन पहले ही हो चुकी थी. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम जांच के लिए भेज दिया है.
जांच के दौरान पुलिस ने मृतकों की बहन से भी संपर्क साधा. बहन ने अधिकारियों को बताया कि तीनों भाई-बहन लंबे समय से भारी वित्तीय संकट से जूझ रहे थे और उन्होंने उससे भी आर्थिक सहायता मांगी थी. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है.