स्वंभू समझौता वीर बने डोनाल्ड ट्रंप
समझौता वीर डोनाल्ड ट्रंप
नई दिल्ली । डेस्क: अमरीका के राष्ट्रपति ने कहा वे इसरायल तथा ईरान के बीच समझौता करा सकते हैं. उन्होंने दावा किया कि ठीक वैसे जैसे भारत और पाकिस्तान के समझौता कराया था.
ट्रंप ने कई बार कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच उन्होंने ही समझौता कराया.
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रूथ सोशल हैंडल पर लिखा, "भारत और पाकिस्तान के मामले में दो बेहतरीन नेताओं के बीच बातचीत में तर्क, सामंजस्य और विवेक लाने के लिये मैंने अमरीका के व्यापार का इस्तेमाल किया, उन्होंने तुरंत फ़ैसला लिया और वो रुक गए (युद्ध रोक दिया)."
ट्रंप ने इसके बाद कुछ और उदाहरण दिये और लिखा कि उन्होंने सर्बिया और कोसोवो के साथ मिस्र और इथियोपिया के बीच भी तनाव बढ़ने से रोका था.
उन्होंने लिखा, "मेरे पहले कार्यकाल में सर्बिया और कोसोवो में कई दशकों से तीखा तनाव चल रहा था और लंबे वक़्त से चला आ रहा ये तनाव जंग में तब्दील होने वाला था. लेकिन मैंने इसे रोक दिया."
इसके बाद ट्रंप ने मिस्र और इथियोपिया का ज़िक्र करते हुये लिखा कि एक बांध को लेकर दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था जिसका असर नील नदी पर पड़ रहा था.
उन्होंने लिखा, "मेरे हस्तक्षेप के बाद अभी के लिये वहां शांति है." ट्रंप ने लिखा, "इसी तरह जल्द ही इसराइल और ईरान के बीच भी शांति होगी. कई बैठकें हो रही हैं, फ़ोन पर बातचीत हो रही है."
"मैं काफ़ी कुछ करता हूं लेकिन मुझे उसका क्रेडिट नहीं मिलता. लेकिन मुझे लगता है कि लोग ये समझते हैं." जाहिर है कि अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप दुनिया के स्वंभू समझौता वीर बनने की ओर अग्रसर हैं.