यूपी के गोंडा मेडिकल कालेज में कुत्ते आराम फरमाते हैं
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के गोंडा मेडिकल कॉलेज से एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है. जिसने सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता और मरीज सुरक्षा के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए इस वीडियो में अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के भीतर मरीजों के बिस्तर पर आवारा कुत्ते आराम फरमाते हुए दिखाई दे रहे हैं.
वीडियो में देखा जा सकता है कि जिस बेड पर मरीजों का इलाज होना चाहिए, वहां तीन कुत्ते जमे हुए हैं, जबकि एक अन्य कुत्ता बेड के नीचे घूम रहा है. इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया है और विपक्षी दलों को सरकार पर हमला करने का एक और मौका दे दिया है.ये यूपी के गोंडा का मेडिकल कॉलेज है.
• कुछ दिनों पहले यहां मरीजों के वॉर्ड में चूहे घूम रहे थे
• अब यहां मरीजों के वॉर्ड में कुत्ते आराम फरमा रहे हैं
क्या BJP के नेता-मंत्री इस अस्पताल में अपना या अपने परिवार का इलाज कराएंगे? pic.twitter.com/SzPi0mOfnu
— Congress (@INCIndia) January 18, 2026
कांग्रेस ने इस स्थिति पर कटाक्ष करते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि कुछ दिन पहले इसी अस्पताल में चूहे घूम रहे थे और अब कुत्तों ने वार्ड में अपना बसेरा बना लिया है. पार्टी ने तीखा सवाल पूछते हुए कहा कि क्या भाजपा के नेता और मंत्री अपने परिवार का इलाज ऐसे अस्पतालों में करवाएंगे?
गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पहले ही इसी मेडिकल कॉलेज के ऑर्थोपेडिक वार्ड का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें भारी संख्या में चूहे मरीजों के बिस्तर और दवाइयों के पास उत्पात मचाते दिखे थे. बार-बार सामने आ रही इन तस्वीरों ने राज्य की स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे की पोल खोल कर रख दी है.
अस्पताल प्रशासन की ओर से फिलहाल इस ताजा वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या सफाई सामने नहीं आई है. हालांकि, यह मामला केवल गोंडा तक सीमित नहीं है. चूहों और आवारा जानवरों के कारण मरीजों को होने वाली असुविधा और खतरे का मुद्दा पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर गूंजता रहा है.
सितंबर 2025 में भी इंदौर के एक सरकारी अस्पताल में चूहे के काटने से शिशुओं की मौत पर राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ था. अब गोंडा मेडिकल कॉलेज की इस लापरवाही ने एक बार फिर मरीजों की जान जोखिम में डालने और अस्पताल परिसर में संक्रमण फैलने की चिंताओं को बढ़ा दिया है.