रिश्वत लेते पटवारी संघ का जिलाध्यक्ष गिरफ्तार
खैरागढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने जिला पटवारी संघ के अध्यक्ष को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
मिली जानकारी के अनुसार डोकराभांठा निवासी किसान भागचंद कुर्रे अपनी जमीन का फौती उठाने के लिए पटवारी धर्मेन्द्र कांडे के पास आवेदन किया था.
पटवारी काम निपटाने के बजाय उसे कई दिनों तक घुमाता रहा. इस बीच किसान लगातार पटवारी कार्यालय का चक्कर लगाता रहा.
अंत में पटवारी ने उसे काम कराने के बदले 10 हजार रुपए की मांग की. किसान ने इतनी राशि देने में असमर्थता जताई तो मोल भाव करने पर मामला 9 हजार रुपये में तय हुआ.
किसान रिश्वत देना नहीं चाहता था. उसने इसकी शिकायत एसीबी से की. एसीबी की टीम ने मामले की जांच कराने के बाद ट्रैप की योजना तैयार की.
योजना के मुताबिक किसान को आज 9 हजार रुपए पकड़ाकर पटवारी के पास भेजा.
रिश्वत की राशि लेते ही पटवारी धर्मेन्द्र कांडे कलेक्टर कार्यालय की एक बैठक में शामिल होने निकल गया.
एसीबी की टीम ने कलेक्टर कार्यालय में दबिश देकर पटवारी को रिश्वत की राशि सहित गिरफ्तार कर लिया.
पटवारी धर्मेंद्र कांडे जिला पटवारी संघ का अध्यक्ष भी है. पूछताछ में उसने रिश्वत लेने की बात कबूल कर ली है.
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे डीएसपी राजेश चौधरी ने बताया कि किसान की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की गई और आरोपी पटवारी को गिरफ्तार कर लिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही आरोपी पटवारी के निजी कार्यालय में अन्य पटवारियों की भीड़ लग गई. इस दौरान पटवारियों ने नारेबाजी भी की.