देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: 3 की मौत, 15 घायल
देवास । डेस्क: मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुरुवार 14 मई, 2026 को एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट और उसके बाद लगी आग ने तीन श्रमिकों की जान ले ली, जबकि 15 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा टोंक कलां इलाके में स्थित यूनिट में हुआ, जहां धमाका इतना जबरदस्त था कि स्थानीय लोगों के अनुसार पीड़ितों के शरीर के अंग घटना स्थल से काफी दूर जाकर गिरे.
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को इंदौर और देवास के अस्पतालों में भर्ती कराया है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए तत्काल उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी और सभी घायलों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया जाएगा.
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बताया कि फैक्ट्री का संचालन अनिल मालवीय के नाम पर हो रहा था और यहां महज 15 दिन पहले ही काम शुरू हुआ था. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और प्रशासन ने फैक्ट्री के अन्य हिस्सों में रखे विस्फोटकों को अपने कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री में दो केमिकल मिलाकर बारूद तैयार किया जा रहा था. इसी दौरान केमिकल का अनुपात बिगड़ने से अचानक तेज धमाका हो गया. जिस स्थान पर विस्फोट हुआ, वहां उस समय 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे.
बताया जा रहा है कि हादसा लंच ब्रेक से करीब 15-20 मिनट पहले हुआ. मजदूरों के लिए खाना भी पहुंच चुका था, लेकिन धमाके के बाद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया. लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री के खिलाफ पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई.
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में करीब 400 से 500 मजदूर काम करते थे. पुरुष मजदूरों को प्रतिदिन 400 रुपये और महिला मजदूरों को करीब 250 रुपये मजदूरी दी जाती थी. मजदूरी का भुगतान साप्ताहिक आधार पर किया जाता था.