शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दिल्ली: अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हिंसा, 5 पुलिसकर्मी घायल

C

CG Khabar

07 जन. 2026, 06:39 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

अतिक्रमण दिल्ली
अतिक्रमण दिल्ली

नई दिल्ली । डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान स्थित सैयद फैज इलाही मस्जिद के पास बुधवार को नगर निगम (MCD) के अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान भारी हिंसा भड़क गई. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की है और पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है.


यह घटना उस समय हुई जब एमसीडी की टीम कोर्ट के आदेशानुसार मस्जिद और पास के कब्रिस्तान से सटे अवैध निर्माण को हटाने पहुंची थी. इसी दौरान भीड़ ने पुलिस बल पर पथराव किया और कांच की बोतलें फेंकी, जिसमें कम से कम पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. 


स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल करना पड़ा. फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है.


पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है. जांच में इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि क्या यह हिंसा अचानक हुई या इसे पूर्व नियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया. 


आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं, जैसे सरकारी काम में बाधा डालना और दंगा करना, के तहत मामला दर्ज किया गया है.


वहीं, एमसीडी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में चलाया गया था और इस दौरान सैयद फैज इलाही मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुँचा है. अतिक्रमण हटाने के लिए 30 बुलडोजर और 300 से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया था. 


पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर सुरक्षा घेरा अभी भी बना हुआ है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP