दिल्ली: एनकाउंटर में बिहार के कुख्यात रंजन पाठक गैंग के 4 बदमाश मारे गए
दिल्ली: एनकाउंटर में बिहार के कुख्यात रंजन पाठक गैंग के 4 बदमाश ढेर
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली के रोहिणी इलाके में गुरुवार तड़के दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस के संयुक्त अभियान में कुख्यात रंजन पाठक गैंग के चार सदस्य मारे गए. मारे गए बदमाश बिहार में कई हत्याओं और डकैती जैसे गंभीर अपराधों में वांछित थे. पुलिस के मुताबिक, यह गैंग कथित तौर पर आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था.
आधी रात के बाद मुठभेड़
मुठभेड़ रोहिणी में डॉ. अंबेडकर चौक और पनसाली चौक के बीच बहादुर शाह मार्ग पर हुई. पुलिस को इनपुट मिला था कि बिहार के सीतामढ़ी जिले के ये अपराधी दिल्ली में सक्रिय हैं और किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने वाले हैं. इसी सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की एक संयुक्त टीम ने इलाके में जाल बिछाया.
पुलिस ने जब संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसके बाद दोनों ओर से हुई संक्षिप्त लेकिन तीव्र गोलीबारी में चारों बदमाश घायल हो गए. उन्हें तुरंत डॉ. बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मारे गए बदमाशों की पहचान
मारे गए चारों बदमाशों की पहचान रंजन पाठक (25), बिमलेश महतो उर्फ बिमलेश साहनी (25), मनीष पाठक (33) और अमन ठाकुर (21) के रूप में हुई है. ये सभी बिहार के सीतामढ़ी जिले के मूल निवासी थे. पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, ये बदमाश ब्रह्मर्षि सेना जिला अध्यक्ष गणेश शर्मा, मदन शर्मा और आदित्य सिंह की हत्या सहित बिहार में कई जघन्य मामलों में वांछित थे.
डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव यादव ने ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए कहा कि गैंग बिहार में कई संगीन वारदातों में वांछित था. घटनास्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फोरेंसिक और क्राइम सीन जांच टीमें पहुंचीं और आगे की जांच जारी है.