शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

BTR में लगातार दूसरे दिन बाघ की मौत से हड़कंप

C

CG Khabar

10 जन. 2026, 02:40 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

बाघ
बाघ

भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (BTR) में बाघों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. रिजर्व में पिछले दो दिनों के भीतर दो बाघों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है. 


ताजा मामला गुरुवार शाम का है, जब धमोखर रेंज के रायपुर कुदरी टोला गांव में एक लावारिस कुएं से एक वयस्क बाघ का सड़ा-गला शव बरामद किया गया. 


स्थानीय ग्रामीणों ने गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित एक पुराने कुएं से दुर्गंध आने की शिकायत की थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने शव को बाहर निकाला.


वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बाघ की स्थिति को देखकर प्राथमिक रूप से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि उसकी मौत करीब पांच से छह दिन पहले हुई होगी. 


बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. 


इससे पहले बुधवार को भी रिजर्व के कठली बीट से एक बाघ के शावक का शव बरामद हुआ था. महज 24 घंटे के भीतर एक शावक और एक वयस्क बाघ की मौत ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और क्षेत्र में रहस्य गहरा गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP