शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

सूटकेस में लाश, पति-पत्नी ने की थी हत्या

सूटकेस में मिली लाश मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार

H

Hupendra Sharma

24 जून 2025, 11:28 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

सूटकेस में लाश
सूटकेस में लाश

रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर में सूटकेस के अंदर लाश मिलने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पति-पत्नी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था. मृतक युवक की पहचान किशोर पैकरा के रूप में हुई है. जमीन सौदे को लेकर हत्या की गई.


पुलिस का दावा है कि सोमवार को लाश को ठिकाने लगाने के बाद दोनों दिल्ली भाग गए थे. पुलिस ने दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है. आरोपी अंकित उपाध्याय वारदात का मास्टरमाइंड है. वह पेशे से वकील है. घटना में उसकी पत्नी शिवानी शर्मा ने भी साथ दिया था.


पुलिस ने कहा कि दोनों ने मिलकर धारदार हथियार से पहले युवक का गला काटा था. फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए सूटकेस के अंदर डालकर सीमेंट का मोटा प्लास्टर चढ़ाया गया था.


उसके बाद उसे टिन की बड़ी पेटी के अंदर डालकर शहर के इंद्रप्रस्थ इलाके में फेंक दिया था. इस पेटी को आरोपी पति-पत्नी ने रविवार को ही रायपुर के गोलबाजार से खरीदा था. 


पेटी विक्रेता से भी पुलिस को अहम सुराग मिले थे. पेटी बेचने वाले व्यापारी ने बताया था कि एक युवक और युवती पेटी लेने उनकी दुकान में पहुंचे थे.


सामान्य ग्राहक बनकर पहुंचे युवक- युवती ने मोटी चादर वाली पेटी की मांग की थी. 3 फीट लंबे, 2 फीट चौड़े और 2 फीट ऊंचे साइज की पेटी को पसंद कर खरीदा था.


शिवानी शर्मा के नाम से पेटी का ऑनलाइन पेमेंट किया गया था. जिसके बाद ऑटो से इंद्रप्रस्थ कॉलोनी पेटी की डिलीवरी की गई थी. बताया जा रहा है कि मृतक किशोर पैकरा, एचएमटी चौक, हांडीपारा का रहने वाला था. वह शारीरिक रूप से अक्षम था और व्हीलचेयर पर चलता था.


पुलिस का कहना है कि मोहदी गांव में स्थित किशोर पैकरा की जमीन का सौदा आरोपी वकील अंकित उपाध्याय द्वारा कराया गया था.


जमीन की बिक्री 50 लाख रुपये में हुई थी, लेकिन किशोर को केवल 30 लाख रुपये ही दिए गए.


जब किशोर को इस धोखाधड़ी की जानकारी मिली तो उसने 20 में से 10 लाख रुपये की मांग की, जिसके बाद आरोपी दंपति ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई.


टिन की पेटी पर मौजूद ‘हब्बू भाई’ नाम की मार्किंग और सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस ने आरोपियों की पहचान की है. लाश फेंकने ले जाते वक्त पति और पत्नी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे.


आरोपियों ने चालाकी से कार में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर लाश को उसी कार में रख कर ले गए थे. इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी सुबह करीब 9.30 बजे लाश को ठिकाने लगाने लेकर गए थे. इस मामले में क्राइम ब्रांच ने दो प्रॉपर्टी डीलरों को भी हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है.


आशंका जताई जा रही है कि इन डीलरों की भूमिका भी सौदे या साजिश में हो सकती है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP