देश में डेटा सस्ता है तो इंटरनेट पर समय न बर्बाद करें- PM मोदी
नई दिल्ली । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को 'परीक्षा पे चर्चा 2026' के नौवें संस्करण के दौरान देश भर के छात्रों के साथ संवाद करते हुए उन्हें तनावमुक्त रहकर परीक्षा देने का संदेश दिया. प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि पढ़ाई को कभी भी मन पर बोझ नहीं समझना चाहिए और परीक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल अंकों के पीछे भागना नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर बनाना होना चाहिए.
तकनीक के सदुपयोग पर जोर देते हुए उन्होंने छात्रों को आगाह किया कि देश में डेटा सस्ता है, इसका मतलब यह नहीं कि वे इंटरनेट पर अपना कीमती समय बर्बाद करें; इसके बजाय उन्हें अपनी शैक्षणिक योग्यता और कौशल बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए.
संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने अधूरे कार्यों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि कोई भी काम आधा नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि 'आधी शिक्षा' कभी जीवन को सफल नहीं बनाती.
अपने व्यक्तिगत जीवन का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने छात्रों को समय के महत्व के बारे में समझाया. उन्होंने अपने 75वें जन्मदिन का जिक्र करते हुए कहा कि वे बीते हुए वर्षों को नहीं गिनते, बल्कि यह देखते हैं कि उनके पास भविष्य के लिए कितना समय शेष है.
मणिपुर के एक छात्र के सवाल के जवाब में उन्होंने सकारात्मक दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा, "मैं यह नहीं देखता कि मैंने कितने साल पीछे छोड़ दिए, मैं यह देखता हूँ कि अभी कितने साल बाकी हैं." उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया कि वे समय की बर्बादी न करें और जो संसाधन उपलब्ध हैं, उन्हीं के साथ जीवन में निरंतर उन्नति का प्रयास करें.