बिहार का अपराधी छत्तीसगढ़ से 7 साल बाद गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की रायपुर ग्रामीण पुलिस और बिहार की जहानाबाद पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी अजय यादव को सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. आरोपी साल 2019 से फरार चल रहा था और अपनी पहचान छिपाकर यहां की एक निजी स्टील कंपनी में काम कर रहा था.
बिहार के जहानाबाद जिले के गोछिया गांव का रहने वाला अजय यादव गंभीर अपराधों में वांछित था. उस पर हत्या के प्रयास, बलात्कार, चोरी, जबरन घर में घुसने और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन समेत भारतीय दंड संहिता (IPC) की कई गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं.
उसकी गिरफ्तारी के लिए मगध रेंज (गया) के पुलिस महानिरीक्षक ने 25 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की थी.
तकनीकी विश्लेषण और सर्विलांस के जरिए पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी छत्तीसगढ़ के रायपुर में छिपा हुआ है. इसके बाद जहानाबाद से आई विशेष टीम ने रायपुर की सिलतरा चौकी पुलिस से संपर्क साधा.
सिलतरा चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक राजेंद्र सिंह कंवर के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया और औद्योगिक क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा गया. कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
कंपनी प्रबंधन पर गिरेगी गाज
इस हाईप्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है. जांच में सामने आया है कि जिस स्टील कंपनी में आरोपी काम कर रहा था, उसके प्रबंधन ने कर्मचारियों के अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन के नियमों का पालन नहीं किया था.
इस घोर लापरवाही के चलते एक खूंखार अपराधी बिना किसी रोक-टोक के कंपनी परिसर में रह रहा था. पुलिस अब कंपनी के डायरेक्टर और प्रबंधन को औपचारिक नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है.
साथ ही इलाके के सभी औद्योगिक संगठनों को चेतावनी दी गई है कि वे तय समय सीमा के भीतर अपने स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन पूरा कराएं, अन्यथा उनके खिलाफ भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.