SIR के बाद 3 लाख वोटर्स बढ़ने पर CPIML ने ECI से पूछा सवाल
पटना । डेस्क: सीपीआई एमएल लिबरेशन के महासचिव ने सवाल दागा है कि बिहार में 3 लाख अतिरिक्त वोटर कहां से आ गये. कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन (CPIML) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने शुक्रवार 14 नवंबर, 2025 को भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) से बिहार की मतदाता सूची में 3 लाख से अधिक वोटर्स की बढ़ोतरी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है.
भट्टाचार्य ने सवाल किया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद बिहार की मतदाता सूची में 7.42 करोड़ वोटर्स थे, जबकि चुनाव के बाद ECI की प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह संख्या 7,45,26,858 बताई गई है. उन्होंने पूछा कि "यह 'अतिरिक्त' 3 लाख से अधिक वोट कहाँ से आए?"
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट में निर्वाचन आयोग से इस बढ़ोतरी को समझाने की मांग की है. SIR की अंतिम सूची में बिहार के कुल वोटरों की संख्या लगभग 7.42 करोड़ थी, लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव के दो चरणों के बाद ECI की प्रेस नोट ने कुल मतदाताओं की संख्या 7,45,26,858 बताई.
देशभर में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के संचालन को लेकर काफी आलोचना और विवाद रहा है.