रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में फिर सिर उठा रहा कोरोना, रायपुर और दुर्ग में दो नए मरीज

C

CG Khabar

27 मई 2025, 06:21 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

कोरोना
कोरोना

रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण एक बार फिर सिर उठाने लगा है. सोमवार को रायपुर और दुर्ग जिलों में दो नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि के साथ ही राज्य सरकार की चिंता फिर से बढ़ गई है. 


स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति पर नजर रखते हुए लोगों से सतर्कता बरतने और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है.

विज्ञापन


राजधानी रायपुर से जो मामला सामने आया है, उसमें लगभग 50 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है. महिला अवंति विहार क्षेत्र की निवासी है. आश्चर्यजनक रूप से उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं मिली, जिससे संक्रमण का स्रोत अब तक अज्ञात है. इससे स्वास्थ्य विभाग के सामने कम्युनिटी ट्रांसमिशन की आशंका भी खड़ी हो गई है.


फिलहाल संक्रमित महिला का इलाज एमएमआई नारायणा अस्पताल में किया जा रहा है. उसके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उन्हें क्वारंटीन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्र में निगरानी रख रही हैं.


दुर्ग में भी एक व्यक्ति संक्रमित, निगरानी तेज


दूसरा मामला दुर्ग जिले से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है. संक्रमित व्यक्ति की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में निगरानी में रखा गया है. अधिकारियों के अनुसार, संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों की जांच की जा रही है और आसपास के क्षेत्र में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है.


विशेष सतर्कता की जरूरत


विशेषज्ञों का मानना है कि संक्रमण की रफ्तार भले ही अभी धीमी हो, लेकिन लापरवाही बरतने पर यह फिर से बड़ी लहर का रूप ले सकता है. बिना ट्रैवल हिस्ट्री वाले मामले विशेष रूप से चिंता का कारण हैं, क्योंकि इससे वायरस के लोकल ट्रांसमिशन की संभावना बढ़ जाती है.


राज्य सरकार ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों को सतर्क रहने, टेस्टिंग बढ़ाने, और निगरानी सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP