कांग्रेस ने ई-चालान और बढ़ी हुई फीस के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग में परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली और बढ़ती फीस को लेकर आम जनता में पनप रहे आक्रोश को देखते हुए दुर्ग शहर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है. जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में गुरुवार को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा और व्यवस्था में सुधार की मांग की.
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि 7 से 10 दिनों के भीतर आम जनता को इस मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना से राहत नहीं मिली, तो पार्टी एक बड़ा जन-आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगी.
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में परिवहन सेवाओं की आसमान छूती दरों पर कड़ा ऐतराज जताया गया है. पार्टी का आरोप है कि विभिन्न सेवाओं के शुल्क में डेढ़ से दो गुना तक की अप्रत्याशित बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे आम आदमी की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है.
ज्ञापन के अनुसार, दोपहिया वाहनों के नए रजिस्ट्रेशन की फीस अब 150 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये और कारों के लिए 500 रुपये कर दी गई है. वहीं, पुरानी मोटरसाइकिलों के ट्रांसफर का खर्च 400 से बढ़ाकर 800 रुपये और बड़े कमर्शियल वाहनों के लिए इसे 1000 से सीधे 2500 रुपये कर दिया गया है.
इसके अलावा पुरानी गाड़ियों के वेरिफिकेशन और मार्किंग शुल्क में भी भारी इजाफा किया गया है, जिसके तहत ट्रकों के लिए 1000 रुपये और कारों के लिए 500 रुपये वसूले जा रहे हैं.
शुल्क वृद्धि के साथ-साथ ई-चालान की त्रुटिपूर्ण व्यवस्था भी इस विरोध का एक बड़ा कारण रही. धीरज बाकलीवाल ने बताया कि पुलगांव जैसे क्षेत्रों में स्थानीय निवासियों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जहां एक ही रास्ते से गुजरने पर लोगों के वाहनों के दिन में दो से तीन बार चालान कट रहे हैं.
उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में भी इस समस्या को लेकर विभाग को सचेत किया गया था और तब हेल्पडेस्क बनाने का वादा किया गया था, जो आज तक अधूरा है.
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए आरटीओ मृत्युंजय पटेल ने कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि शिकायतों की जांच की जा रही है और सुधार की कवायद जारी है.
उन्होंने बार-बार चालान कटने की तकनीकी वजह स्पष्ट करते हुए कहा कि यदि किसी वाहन के दस्तावेज जैसे फिटनेस, इंश्योरेंस या पीयूसी (PUC)-सिस्टम में अपडेट नहीं हैं, तो कैमरा सर्विलांस वाले मार्ग से जितनी बार वाहन गुजरेगा, उतनी बार स्वतः ही चालान जेनरेट हो जाता है. आरटीओ ने वाहन चालकों से अपने दस्तावेज दुरुस्त रखने की अपील की है.
साथ ही उन्होंने कहा कि बार-बार चालान की विसंगतियों से जुड़े मामलों को मुख्य मुख्यालय भेज दिया गया है और जनता की सुविधा के लिए जल्द ही कार्यालय में एक समर्पित हेल्पडेस्क की शुरुआत की जाएगी.