शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कमर्शियल LPG सिलिंडर ₹180 सस्ता हुआ

C

CG Khabar

01 जुल. 2026, 07:55 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

LPG Commercial
LPG Commercial

नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम एशिया में पिछले तीन महीनों से अधिक समय से जारी तनाव के शांत होने और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार आने के बाद देश की तेल विपणन कंपनियों ने बुधवार (1 जुलाई 2026) को बड़ी राहत दी है. कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलिंडर और घरेलू विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में भारी कटौती की घोषणा की है. 


हालांकि, आम घरों में इस्तेमाल होने वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.


सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में औसतन ₹180 प्रति सिलिंडर की कमी की है. इस कटौती के बाद देश की राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलिंडर ₹183.5 सस्ता होकर ₹2,930 का हो गया है. 


वहीं, आर्थिक राजधानी मुंबई में इसकी कीमत ₹182 घटकर ₹2,885, कोलकाता में ₹174 की कटौती के साथ ₹3,081.5 और चेन्नई में ₹177 की कमी के बाद ₹3,106 प्रति सिलिंडर हो गई है. 


इसके साथ ही प्रवासी मजदूरों की जरूरत को पूरा करने वाले 5 किलोग्राम के फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलिंडर के दाम भी करीब ₹13 घटाकर ₹808.5 कर दिए गए हैं.


विमानन क्षेत्र को राहत देते हुए घरेलू एयरलाइंस के लिए हवाई ईंधन (ATF) की कीमतों में ₹5 प्रति लीटर की कटौती की गई है, जिसके बाद अब यह ₹110 प्रति लीटर के स्तर पर आ गया है. 


बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम एशिया में करीब 100 दिनों से चल रहा संघर्ष अब समाप्ति की ओर है, जिससे वैश्विक स्तर पर तेल की आपूर्ति सुधरी है. इससे पहले केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्थिति सामान्य होते देख 25 जून को ही औद्योगिक और कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई पर लगे सभी प्रतिबंध हटा लिए थे, जिसके बाद आज कीमतों में यह बड़ी गिरावट देखने को मिली है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP