अंबिकापुर बिरला स्कूल हॉस्टल की दूसरी मंजिल से कूदा 9वीं का छात्र, असिस्टेंट डायरेक्टर समेत 4 गिरफ्तार
अंबिकापुर के सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में रहने से इनकार करने पर 9वीं के छात्र को कमरे में बंद कर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी गई. इससे घबराकर छात्र ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई. पुलिस ने मामले में असिस्टेंट डायरेक्टर समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित गांधीनगर थाना क्षेत्र के सरगवां में संचालित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और प्रताड़ना का मामला सामने आया है. स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले 9वीं कक्षा के एक छात्र को कमरे में बंद कर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी गई, जिससे घबराकर उसने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी. इस घटना में छात्र की रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई है. नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र का निवासी यह छात्र दीपावली की छुट्टियां बिताने के बाद स्कूल के हॉस्टल लौटा था, लेकिन वहां उसका मन नहीं लग रहा था. छात्र के पिता अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि 22 नवंबर को उनका बेटा हॉस्टल से निकल आया था और फोन पर कहा था कि उसे वहां अच्छा नहीं लग रहा और वह हॉस्टल में नहीं रह सकता.
उस समय पिता ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने की समझाइश दी थी. इसके बाद छात्र हॉस्टल से भागकर अपनी बुआ के घर चला गया. पिता ने स्कूल प्रबंधन से फोन पर आग्रह किया था कि उनके आने तक बच्चे को वापस न ले जाया जाए, इसके बावजूद हॉस्टल कर्मी जबरन बच्चे को बुआ के घर से उठा ले गए.
छात्र के पिता के अनुसार, जब उनके जीजा परिजन के तौर पर बच्चे को अपने पास रखने के लिए हॉस्टल पहुंचे, तो प्रबंधन ने उन्हें बच्चा सौंपने से साफ मना कर दिया. आरोप है कि इसके बाद छात्र को उसी के कमरे में बंद कर दिया गया और चेतावनी दी गई कि यदि वह दोबारा भागा तो उसके हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे. इसी खौफ के चलते छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी.
गांधीनगर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह ने पुष्टि की है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ जांच जारी है. पुलिस ने आरोपियों पर गलत तरीके से कमरे में बंद करने (धारा 127(2) BNS), जान से मारने या गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकी देने (धारा 351(3) BNS), लापरवाही से जान खतरे में डालने (धारा 125 BNS), अपराध की जानकारी छिपाने (धारा 239 BNS) और साझा जिम्मेदारी (धारा 3(5) BNS) के तहत कार्रवाई की है.
उल्लेखनीय है कि यह स्कूल पहले भी विवादों में रहा है, जब एक शिक्षक द्वारा छात्र से 100 बार गाली लिखवाने का मामला सामने आया था और डीईओ दिनेश झा की जांच के बाद प्रबंधन ने उस शिक्षक को बर्खास्त कर दिया था.