पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में कुल चीनी और फैट का सच बताना अनिवार्य, SC ने FSSAI को दिया आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर चेतावनी लेबल के नियमों को सख्त कर दिया है. कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया है कि वह केवल एडेड शुगर या फैट के बजाय 'टोटल शुगर' और 'सैचुरेटेड फैट' की सीमा तय करे और हर पोषक तत्व के लिए चित्र के साथ अलग-अलग हेक्सागन चेतावनी लेबल अनिवार्य करे.
नई दिल्ली । डेस्क: देश में पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की बिक्री और उनसे जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को एक विस्तृत फैसला सुनाया है. जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने पैकेट के सामने की तरफ पोषण संबंधी चेतावनी लेबल यानी फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग (FOPNL) को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पैकेटबंद खाद्य उत्पादों के लेबल पर केवल ऊपर से मिलाई गई चीनी (एडेड शुगर) और फैट के बजाय कुल चीनी (टोटल शुगर) और संतृप्त वसा (सैचुरेटेड फैट) का खुलासा करना अनिवार्य होगा. पीठ ने कहा कि FSSAI को नमक के साथ-साथ कुल चीनी और संतृप्त वसा को ही चिंताजनक पोषक तत्वों के रूप में मानना चाहिए, जैसा कि डाइटरी गाइडलाइंस फॉर इंडिया (DGI) 2024 से पहले प्राधिकरण की अपनी पुरानी सहमति रही है.
शीर्ष अदालत ने प्रत्येक चिंताजनक पोषक तत्व की अधिकतम सीमा (थ्रेशोल्ड लेवल) की दोबारा समीक्षा करने और उसे नए सिरे से तय करने का आदेश दिया है. कोर्ट ने दो टूक कहा कि DGI 2024 की तालिका 15.1 में दिए गए मानकों को यथावत स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि उनकी गणना कुल चीनी और संतृप्त वसा के बजाय केवल एडेड शुगर और एडेड फैट के आधार पर की गई थी. पीठ ने यह भी जोड़ा कि इन पोषक तत्वों की सीमा न तो बहुत कम रखी जानी चाहिए और न ही बहुत अधिक.
चेतावनी लेबल के डिजाइन को लेकर कोर्ट ने निर्देश दिया कि एक ही संयुक्त षट्कोण (हेक्सागन) बनाने के बजाय प्रत्येक चिंताजनक पोषक तत्व के लिए अलग-अलग षट्कोण लेबल होना चाहिए. प्रत्येक षट्कोण में संबंधित पोषक तत्व का मानक चित्र (पिक्टोग्राम) होना चाहिए और उसके साथ स्पष्ट रूप से 'हाई फैट', 'हाई शुगर' या 'हाई सॉल्ट' लिखा होना चाहिए.
गौरतलब है कि यह आदेश पैकेटबंद खाद्य वस्तुओं पर नमक, चीनी और वसा के स्तर को दर्शाने वाले चेतावनी लेबल लगाने की मांग वाली एक जनहित याचिका (PIL) पर पारित किया गया है. पिछली सुनवाई के दौरान पीठ ने इस मामले में FSSAI के रवैये की आलोचना की थी और सवाल उठाया था कि क्या नियामक संस्था बच्चों सहित आम जनता के स्वास्थ्य पर ध्यान देने के बजाय कॉर्पोरेट दबाव के आगे झुक रही है.
इसके बाद FSSAI ने 28 अगस्त को एक हलफनामा दायर कर लाल रंग के षट्कोण लेबल का प्रस्ताव रखा था, जिसमें एडेड संतृप्त वसा, एडेड शुगर और नमक में से किसी दो या अधिक की उच्च मात्रा होने पर 'हाई फैट', 'हाई शुगर', 'हाई सॉल्ट' और 'हाईली स्वीटेंड बेवरेज' लिखने की बात कही गई थी.
प्राधिकरण ने कहा था कि इसका फॉन्ट पैकेट के पीछे की पोषण तालिका से एक पॉइंट बड़ा होगा और मसौदा अधिसूचना व हितधारकों की टिप्पणी के बाद चार महीने के भीतर इन नियमों को लागू कर दिया जाएगा. हालांकि, कोर्ट ने FSSAI के इस प्रस्ताव की खामियों पर सवाल उठाते हुए आज इस मुद्दे पर अपना विस्तृत फैसला सुनाया.