शुक्र, 27 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट: कोयला लेवी घोटाले में रामगोपाल अग्रवाल की जमानत याचिका खारिज

कोयला लेवी घोटाले के आरोपी और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की नियमित जमानत याचिका छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है. अदालत ने प्रथम दृष्टया आर्थिक अपराध में उनकी संलिप्तता मानते हुए कहा कि अन्य सह-आरोपियों की तुलना में उनकी जेल अवधि काफी कम है, इसलिए समानता के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती.

C

CG Khabar

26 नव. 2026, 10:21 AM 3 मिनट में पढ़ें 102

रामगोपाल अग्रवााल- कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष
रामगोपाल अग्रवााल- कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी घोटाले में फंसे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है. जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की बेंच ने उपलब्ध सबूतों और आर्थिक अपराध की गंभीरता को देखते हुए उनकी नियमित जमानत याचिका को खारिज कर दिया है. अदालत ने केस डायरी और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद यह माना कि प्रथम दृष्टया इस आर्थिक अपराध में अग्रवाल की संलिप्तता नजर आती है. हालांकि, कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि जमानत पर सुनवाई के वक्त की गई इन टिप्पणियों का मुकदमे के ट्रायल और मामले के गुण-दोष पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.

सुनवाई के दौरान रामगोपाल अग्रवाल के अधिवक्ताओं ने उनकी गिरफ्तारी को अनुचित करार देते हुए दलील दी कि उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया है और अब उन्हें हिरासत में रखकर पूछताछ करने की कोई आवश्यकता नहीं बची है. बचाव पक्ष ने ट्रायल में हो रही देरी और सुप्रीम कोर्ट से अन्य सह-आरोपियों को मिली जमानत का हवाला देते हुए राहत की मांग की. 

इसके विपरीत, शासन का पक्ष रखते हुए अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत का कड़ा विरोध किया. उन्होंने कोर्ट को अवगत कराया कि अग्रवाल खुद के और अपने परिजनों तथा बेटे के नाम पर खरीदी गई कई संपत्तियों के लिए आय का स्रोत स्पष्ट करने में विफल रहे हैं, जिस पर जांच एजेंसी ने भी सवाल उठाए हैं.

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने समानता के आधार पर जमानत देने की मांग को अस्वीकार कर दिया. कोर्ट ने अपने आदेश में रेखांकित किया कि ट्रायल में देरी के लिए अभियोजन पक्ष को जिम्मेदार ठहराने का कोई ठोस आधार पेश नहीं किया गया है. इसके अलावा, जिन अन्य सह-आरोपियों को जमानत मिली है, वे करीब डेढ़ से दो साल तक जेल में रहे थे, जबकि जुलाई में गिरफ्तार हुए रामगोपाल अग्रवाल ने जेल में केवल तीन महीने का ही समय बिताया है.

गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिपोर्ट के आधार पर ACB/EOW ने 17 जनवरी 2024 को इस मामले में 35 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की थी. अभियोजन पक्ष के अनुसार, राज्य में कोयला परिवहन परमिट की ऑनलाइन व्यवस्था को बदलकर मैनुअल सिस्टम लागू किया गया और अवैध वसूली का एक बड़ा नेटवर्क खड़ा किया गया. 

इसके तहत जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर सहित अन्य कोयला उत्पादक जिलों में कारोबारियों से प्रति टन 25 रुपए की दर से करीब 540 करोड़ रुपए की अवैध लेवी वसूली गई. जांच एजेंसी का आरोप है कि रामगोपाल अग्रवाल ने प्रदेश कोषाध्यक्ष के पद पर रहते हुए देवेंद्र डडसेना के माध्यम से इस अवैध वसूली की रकम में से 104.20 करोड़ रुपए पार्टी के लिए प्राप्त किए थे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
मानक पटेल की कवर्धा में ट्रांसफार्मर की मरम्मत के दौरान मौत
छत्तीसगढ़

कवर्धा: ऑपरेटर ने गलत गांव की काटी बिजली, ट्रांसफार्मर सुधारने चढ़े लाइनमैन की करंट लगने से मौत

37 मिनट पहले

जम्मू में नशे की बड़ी खेप के साथ छत्तीसगढ़ के 6 तस्कर गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

जम्मू में नशे की बड़ी खेप के साथ छत्तीसगढ़ के 6 तस्कर गिरफ्तार

46 मिनट पहले

Chhattisgarh Anemia Report- बच्चों में देश में सर्वाधिक एनीमिया
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: 5 से 9 साल के बच्चों में देश में सबसे ज्यादा खून की कमी, ICMR-NIN सर्वे रिपोर्ट

56 मिनट पहले

AI Generated Photo
छत्तीसगढ़

महासमुंद: स्टील प्लांट में खौलती डस्ट गिरने से 5 श्रमिक झुलसे, एक की हालत बेहद नाजुक

एक घंटा पहले

प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (UCC) से जनजातीय संस्कृति प्रभावित नहीं होगी
छत्तीसगढ़

अनुसूचित जनजातियों को समान नागरिक संहिता के दायरे से बाहर रखा जाएगा: सीएम साय

एक घंटा पहले

Chhattisgarh High Court Verdict: Divorce Granted
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट: शादी के बाद किसी अन्य पुरुष से लगातार संपर्क और मिलना मानसिक क्रूरता, तलाक की मंजूरी

एक घंटा पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP