शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा में करैत सांप के काटने से 6वीं के छात्र की मौत

C

CG Khabar

07 सित. 2026, 01:53 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

शव
शव

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला स्थित गोढ़ी देहांतपारा में जहरीले करैत सांप के डसने से 12 वर्षीय स्कूली छात्र रामकृष्ण मंझवार की इलाज के दौरान मौत हो गई. कक्षा 6वीं में पढ़ने वाला रामकृष्ण शनिवार तड़के अपने घर में सो रहा था, तभी सुबह लगभग 5 बजे उसे गले में किसी चीज के काटने का अहसास हुआ. हड़बड़ाहट में उसने सांप को पकड़कर दूर फेंका और चीख पड़ा. शोर सुनकर जागे परिजनों ने मौके पर मौजूद करैत सांप को मार डाला, लेकिन तब तक मासूम के शरीर में जहर फैलना शुरू हो चुका था.


इस हादसे के बाद आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुल गई. पीड़ित छात्र के पिता दीपक मंझवार के अनुसार, घटना के तुरंत बाद उन्होंने 108 एम्बुलेंस को कॉल किया था, लेकिन काफी देर तक वाहन नहीं पहुंचा. 


बेटे की बिगड़ती हालत देख पिता मजबूरी में उसे बाइक पर लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुए. रास्ते में एम्बुलेंस मिलने पर बच्चे को उसमें शिफ्ट कर जिला मेडिकल कॉलेज कोरबा पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया, मगर जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए रविवार को छात्र ने दम तोड़ दिया.


जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मेडिकल कॉलेज से मिली सूचना के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया. 


दो बेटों में बड़े रामकृष्ण की मौत से खेती-मजदूरी कर परिवार चलाने वाले पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इस दुखद घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है. लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में सर्पदंश के मामले बढ़ जाते हैं, ऐसे में 108 एम्बुलेंस की लेटलतीफी किसी की जान पर भारी पड़ सकती है.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP