रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

भैरमगढ़: DAV हॉस्टल में तीसरी मंजिल से गिरकर छात्र की मौत

C

CG Khabar

09 जन. 2026, 06:56 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

कोमल कड़ियम
कोमल कड़ियम

बीजापुर । संवाददाता: बीजापुर जिले के भैरमगढ़ स्थित डीएवी आवासीय बालक हॉस्टल में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है. वहां लापरवाही के चलते कक्षा 11वीं के छात्र कोमल कड़ियम की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई. 


नेलसनार गांव का रहने वाला कोमल गुरुवार रात करीब 8:30 बजे छत से नीचे गिर गया था, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल और फिर दंतेवाड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. 

विज्ञापन


दंतेवाड़ा जिला अस्पताल की डॉक्टर प्रियंका सक्सेना के अनुसार, ऊंचाई से गिरने के कारण छात्र के पैर की हड्डियां पूरी तरह टूट गई थीं और शुरुआती तौर पर 'फैट एम्बोलिज्म' को मौत की वजह माना जा रहा है, हालांकि सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.


यह घटना आवासीय विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों की पोल खोलती है, क्योंकि हॉस्टल में न तो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और न ही सुरक्षा के लिए पर्याप्त गार्ड तैनात हैं. 


हॉस्टल अधीक्षक जगदीश झाड़ी ने स्वीकार किया कि खाना खाने के बाद छात्र छत पर गया था, लेकिन वह वहां क्यों गया और सुरक्षा घेरा होने के बावजूद कैसे गिरा, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है. 


मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है. 


प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बिना चौकीदार और निगरानी के बच्चों को 'भगवान भरोसे' क्यों छोड़ दिया गया है. 


अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई करता है या इसे महज एक हादसा मानकर ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP