छत्तीसगढ़: अगले 48 घंटों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम की सक्रियता बढ़ने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, मध्य और पूर्वी भारत में सक्रिय विभिन्न मौसम प्रणालियों के प्रभाव से 11 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है.
मौसम विभाग ने इस दौरान राज्य के कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में कई वेदर सिस्टम एक साथ काम कर रहे हैं. एक पश्चिमी विक्षोभ 56°E देशांतर और 32°N अक्षांश पर सक्रिय है, जबकि मध्य प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ है. इसके अतिरिक्त, राजस्थान से लेकर पश्चिम बंगाल तक एक ट्रफ लाइन छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है.
वहीं, बिहार से आंध्र प्रदेश तक ऊपरी वायुमंडल में एक अन्य ट्रफ रेखा बनी हुई है. इन स्थितियों के बीच, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में अगले 48 घंटों के भीतर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की भी संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान और नमी में बड़ा बदलाव देखा जा सकता है.