छत्तीसगढ़: चांपा में दो नशे के कारोबारी गिरफ्तार, 34 हजार की दवा जब्त
चांपा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. चांपा पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त टीम ने दो युवकों को धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों में रामकिशोर कश्यप (20 वर्ष), निवासी कोसमंदा (थाना चांपा) और प्रदीप पटेल (20 वर्ष), निवासी बुदेली चौकी रजगामार (जिला कोरबा) शामिल हैं.
पुलिस को 10 फरवरी को गुप्त सूचना मिली थी कि कोरबा की ओर से कोसमंदा गांव की तरफ काली पल्सर मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आ रहे हैं और उनके पास बड़ी मात्रा में नशीली कैप्सूल हैं. इस सूचना के आधार पर चांपा पुलिस और साइबर टीम ने कोसमंदा रोड पर घेराबंदी कर संदिग्धों को रोक लिया.
पूछताछ और तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 469 स्ट्रिप नशीली कैप्सूल बरामद हुईं. हर स्ट्रिप में 8 कैप्सूल होने से कुल 3,752 कैप्सूल जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 34,813 रुपये बताई गई है. साथ ही नशीले पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 11 बीएम 2797), दो मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद भी बरामद किए गए.
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चांपा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.