शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: ISI का संदिग्ध एजेंट गिरफ्तार, पंजाब का है आरोपी

C

CG Khabar

22 जून 2026, 02:05 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सेवक सिंह- पंजाब
सेवक सिंह- पंजाब

जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने यहां किराएदारों के सत्यापन अभियान के दौरान पंजाब के एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के गुर्गों के साथ देश की संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां साझा करने का गंभीर आरोप है.


जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सेवक सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के तरनतारन जिले का रहने वाला है. वह अकलतरा कस्बे में मिनीमाता चौक के पास एक मकान में किराए पर रह रहा था. 


पुलिस की ओर से चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. हालांकि, वह छत्तीसगढ़ के इस छोटे से शहर में किस इरादे से रह रहा था, इसका अभी पूरी तरह खुलासा नहीं हो पाया है. अकलतरा थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.


पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, आरोपी सेवक सिंह के मोबाइल फोन की शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाले सबूत मिले हैं. उसके फोन से मिले व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड्स और कॉल रिकॉर्डिंग्स से साफ संकेत मिलते हैं कि वह पाकिस्तान स्थित आईएसआई नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों के लगातार संपर्क में था. 


जांच अधिकारियों को अंदेशा है कि आरोपी ने देश के संवेदनशील ठिकानों, प्रमुख व्यक्तियों और वाहनों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सीमा पार साझा की हैं. इन जानकारियों की प्रामाणिकता और गंभीरता का पता लगाने के लिए उसके मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है.


इसके साथ ही डिजिटल सबूतों की कड़ियों को जोड़ने के लिए तकनीकी विश्लेषण भी किया जा रहा है. जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी सीमा पार से हथियारों की तस्करी और उनकी सप्लाई से जुड़ी बातचीत में भी शामिल था. 


हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन सभी पहलुओं की बारीकी से पुष्टि की जा रही है. फिलहाल पुलिस आरोपी सेवक सिंह को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले चुकी है, ताकि उसके पूरे नेटवर्क, मददगारों और स्थानीय संपर्कों का पर्दाफाश किया जा सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP