शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: कोरिया के छात्रावास में छात्र की रहस्मयी खुदकुशी

C

CG Khabar

15 मार्च 2026, 04:41 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

फांसी लगाकर आत्महत्या
फांसी लगाकर आत्महत्या

मनेन्द्रगढ़ । डेस्क: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में कटगोड़ी स्थित पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास में एक छात्र ने मौत को गले लगा लिया. मृतक छात्र सुरेश सिंह ने शुक्रवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, लेकिन इस घटना के पीछे के कारणों ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है. 


बताया जा रहा है कि अपनी जान देने से कुछ देर पहले सुरेश ने सुबकते हुए अपने पिता से फोन पर घर ले जाने की मिन्नतें की थीं. पिता ने उसे ढांढस बंधाते हुए सुबह लेने आने का वादा तो किया, लेकिन सुबह होने से पहले ही बेटे की मौत की खबर घर पहुंच गई.


इस मामले में अब गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं, जो छात्रावास प्रबंधन को कटघरे में खड़ा करते हैं. मृतक के परिजनों का दावा है कि सुरेश पर एक फुटबॉल टूर्नामेंट में जीती गई ₹1,00,000 की इनामी राशि को बैंक से निकालने के लिए छात्रावास अधीक्षक और एक अन्य कर्मचारी द्वारा अनैतिक दबाव बनाया जा रहा था. 


सुरेश इस पैसे का उपयोग टीम के खिलाड़ियों के लिए खेल किट खरीदने में करना चाहता था, जिसका वह विरोध कर रहा था. 


इसके अतिरिक्त, सुरेश छात्र हितों के लिए काफी सक्रिय था और उसने छात्रावास की बदहाली की शिकायत कलेक्टर से भी की थी. परिजनों के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर अधीक्षक ने उसे और अन्य सक्रिय छात्रों को परीक्षा में फेल कराने की धमकी दी थी, जिससे वह मानसिक तनाव में था.


घटना की गंभीरता को देखते हुए सोनहत एसडीएम अंशुल वर्मा ने मौके पर पहुंचकर छात्रों से विस्तृत पूछताछ की है. 


प्रशासन का कहना है कि होली के अवकाश के बाद से छात्र के व्यवहार में बदलाव देखा गया था और वह शांत रहने लगा था. 


पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. हालांकि, जिला प्रशासन का कहना है कि यह एक संवेदनशील मामला है और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल, पुलिस और प्रशासन दोनों ही इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रहे हैं कि क्या यह केवल आत्महत्या है या इसके पीछे किसी तरह का उत्पीड़न और षड्यंत्र शामिल है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP