शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: रिसाली में युवा लाइनमैन की करंट से मौत

C

CG Khabar

06 अप्रै. 2026, 02:45 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

लाइनमैन का करेंट से मौत- दुर्ग
लाइनमैन का करेंट से मौत- दुर्ग

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ शनिवार को बिजली सुधार कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से एक 22 वर्षीय संविदा कर्मचारी की जान चली गई. मृतक की पहचान रोशन कुमार देवांगन के रूप में हुई है, जो निगम में अकुशल लाइनमैन के पद पर कार्यरत था. 


मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गणेश नगर इलाके में तब हुआ जब रोशन चालू बिजली लाइन पर मरम्मती का काम कर रहा था. 


अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने के कारण वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया.


इस घटना ने नगर निगम और ठेका प्रणाली की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. 


शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक को न तो काम के लिए कोई विशेष ट्रेनिंग दी गई थी और न ही उसे सुरक्षा उपकरण जैसे ग्लव्स या हेलमेट उपलब्ध कराए गए थे. 


आरोप है कि बिना किसी सुरक्षा किट और अनुभवी सुपरवाइजर के ही उससे जोखिम भरा काम कराया जा रहा था. 


मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर शशि सिन्हा ने अधिकारियों और ठेकेदारों की आपात बैठक बुलाई है. 


उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि ठेकेदार या विभागीय अधिकारियों की लापरवाही सिद्ध होती है, तो उनके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल नेवई थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के पहलुओं पर जांच तेज कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP