छत्तीसगढ़ का नया विधानसभा भवन तैयार
रायपुर । संवाददाता: रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा का नया भवन बनकर तैयार हो गया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 1 नवम्बर को राज्योत्सव के मौके पर विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण करेंगे. आधुनिक व सर्वसुविधायुक्त इस भवन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा की झलक दिखाई देगी.
विधानसभा के सदन की सीलिंग में धान की बालियां उकेरी गई हैं. सदन के भीतर के ज्यादातर फर्नीचर बस्तर के शिल्पियों द्वारा बनाए गए हैं.
इसे तीन सेक्टरों में विभाजित कर बनाया गया है. भवन के सिविल कार्य पूर्ण हो चुके हैं. फिनिशिंग कार्य भी अंतिम चरण में हैं. दीपावली के बाद शिफ्टिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा.
इसका निरीक्षण करते हुये उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि 25 साल पहले वर्ष 2000 में रायपुर के राजकुमार कॉलेज में टेंट से शुरू हुए छत्तीसगढ़ के विधानसभा को खुद का भव्य भवन मिलने जा रहा है. नवीन विधानसभा भवन सर्वसुविधायुक्त, सुसज्जित तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है.
इसे अगले 50 वर्षों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है. भविष्य में पेपरलेस विधानसभा संचालित हो सके, इसका भी ध्यान रखा गया है.
सदन के भीतर के ज्यादातर फर्नीचर बस्तर के शिल्पकारों द्वारा तैयार किए गए हैं. सीलिंग पर धान की बालियां उकेरी गई हैं. इस नए भवन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा की झलक दिखेगी, जहां छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं के अनुरूप फैसलों को आकार मिलेगा.