शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: पिकअप खाई में पलटी, 2 बुजुर्गों की मौत 30 घायल

C

CG Khabar

26 फ़र. 2026, 02:49 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. धरमजयगढ़-कापू मार्ग पर स्थित विजयघाट के पास ग्रामीणों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस भीषण दुर्घटना में दो बुजुर्गों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं. 


मृतकों की पहचान बंगुरसूता निवासी काला राम राठिया (60 वर्ष) और छतर सिंह राठिया (60 वर्ष) के रूप में हुई है.


मिली जानकारी के मुताबिक, बंगुरसूता गांव के कंवर समाज के लोग एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गोसाईपोढ़ी गए थे. लौटते समय रात करीब 8 बजे विजयघाट के अंधेरे मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. 


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप की रफ्तार काफी अधिक थी और उसमें क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे, जिस वजह से मोड़ पर वाहन सीधे खाई में जा गिरा. 


चीख-पुकार सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला. 


सभी घायलों का उपचार कापू अस्पताल में जारी है, वहीं तीन गंभीर रूप से घायल ग्रामीणों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP