रायगढ़ में पुरानी दुश्मनी का खौफनाक अंत, डंडों से पीटकर हत्या
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ के लैलूंगा थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया. गांव के ही मधुसूदन राठिया ने गाडाराम राठिया की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी.
पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त की रात करीब 10 बजे मोहनपुर गांव में बसत राम राठिया के घर पर गाडाराम राठिया (48 वर्ष) और मधुसूदन राठिया के बीच पुराने विवाद को लेकर तीखी नोकझोंक हुई. बात इतनी बढ़ गई कि मधुसूदन ने गुस्से में आकर गाडाराम के सिर पर डंडे से कई प्रहार किए.
गंभीर रूप से घायल गाडाराम को परिजनों ने तुरंत लैलूंगा सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई.
मृतक के बेटे मिथुन राठिया की शिकायत पर लैलूंगा पुलिस ने मधुसूदन राठिया के खिलाफ भादंसं की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुट गई है.
यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में पुरानी रंजिश के कारण होने वाली हिंसा की गंभीर समस्या को उजागर करती है. पुलिस का कहना है कि मामले की तह तक जाकर सभी तथ्यों की जांच की जाएगी और दोषी को सख्त सजा दिलाई जाएगी.: