रायगढ़: 12वीं की छात्रा की छत से गिरकर मौत
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर में रहने वाली 12वीं कक्षा की छात्रा अनन्या सर्वे (16 वर्ष) बुधवार सुबह छत से गिर गईं, जिसके कारण उनकी मौके पर ही गंभीर चोटें आईं. उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, अनन्या संस्कार स्कूल की छात्रा थीं और उनका परीक्षा केंद्र डीपीएस स्कूल में था. बुधवार को सीबीएसई बोर्ड की 12वीं कक्षा की पहली परीक्षा होने वाली थी. परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 2 बजे तक वह परीक्षा की तैयारी में जुटी रहीं और सुबह बस तक छोड़ने के लिए भी तैयार थीं.
सुबह लगभग 6 बजे वह छत पर टहल रही थीं, तभी अचानक नीचे गिर गईं. नीचे खेल रहे बच्चों ने घटना देखकर परिजनों को सूचित किया.
अनन्या के पिता राजेश सर्वे रायगढ़ मेडिकल कॉलेज के डीन कार्यालय में वर्ग-2 क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं. परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से कॉलेज परिसर के स्टाफ क्वार्टर में रह रहा है.
हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में एम्बुलेंस से मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह करीब 7:45 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
चक्रधर नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. पुलिस अब हादसे के पूरे मामले की जांच कर रही है.
स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह घटना परिसर में ऐसी दूसरी घटना है. करीब सात वर्ष पहले भी इसी बिल्डिंग में रहने वाली एक महिला छत से गिरने के कारण अपनी जान गंवा चुकी हैं.