छत्तीसगढ़ स्कूल में बच्चों से कराया गया मजदूरी का काम
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के एक प्राथमिक स्कूल से वायरल हुआ एक वीडियो बच्चों को सीमेंट और गिट्टी मिलाने का काम करते दिखा रहा है. इससे स्कूलों में बाल श्रम को लेकर गुस्सा भड़का दिया है. अभिभावकों ने हेडमास्टर को हटाने की मांग की है, जबकि अधिकारियों ने हेडमास्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और असंतोषजनक जवाब मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है.
डभरा खुर्द गांव के प्राथमिक स्कूल, जो जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय से लगभग 25 किमी दूर है, से सामने आए इस वीडियो में बच्चे धूप में फावड़े से सीमेंट और गिट्टी मिलाते नजर आ रहे हैं.
स्कूल के हेडमास्टर पितांबर कुर्रे पर आरोप है कि उन्होंने बच्चों से यह काम करवाया. इस घटना की अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने कड़ी निंदा की और हेडमास्टर को हटाने की मांग की.
जिला शिक्षा अधिकारी अश्वनी कुमार भारद्वाज ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद हेडमास्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
उन्होंने कहा, "हमने घटना का संज्ञान लिया और हेडमास्टर को नोटिस जारी किया. उनका जवाब मिला है, लेकिन छत्तीसगढ़ में सरकारी कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल के कारण इसे जांचा नहीं जा सका."
उन्होंने आगे कहा कि यदि जवाब असंतोषजनक पाया गया तो निलंबन सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी.