रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ के पावरलिफ्टर्स जयदीप साहू ने जीते दो स्वर्ण

C

CG Khabar

13 जुल. 2026, 01:31 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

 जयदीप साहू
जयदीप साहू

रायपुर । संवाददाता: दक्षिण अफ्रीका में आयोजित एशिया-पैसिफिक अफ्रीका इंटरनेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने भारतीय तिरंगे का मान बढ़ाते हुए इतिहास रच दिया है. सूबे के पावरलिफ्टर जयदीप साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर 66 किलोग्राम वर्ग में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डबल-गोल्ड का यह दुर्लभ कारनामा करने वाले वह छत्तीसगढ़ के पहले एथलीटों में से एक बन गए हैं.


चैंपियनशिप में जयदीप ने अपनी स्वर्णिम यात्रा की शुरुआत करते हुए पहले 'इक्विप्ड' कैटेगरी में सोने का तमगा हासिल किया. इसके बाद उन्होंने अपने इसी प्रदर्शन को 'क्लासिक' (अनइक्विप्ड) डिवीजन में भी दोहराया, जिससे भारत की झोली में एक और स्वर्ण पदक आ गया. जयदीप ने कुल 452.5 किलोग्राम का वजन उठाकर यह मुकाम हासिल किया, जिसमें उन्होंने स्क्वैट में 180 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 102.5 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 170 किलोग्राम की सफल लिफ्ट दर्ज की. 

विज्ञापन


इस ऐतिहासिक जीत को अपने करियर की सबसे बड़ी सफलता बताते हुए जयदीप ने दोनों पदक भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों को समर्पित किए हैं. उन्होंने बताया कि वह पिछले 15 सालों से बिना किसी शॉर्टकट के पूरी तरह नेचुरल डाइट और अनुशासित ट्रेनिंग के दम पर अभ्यास कर रहे हैं.


इसी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के ही बिलासपुर के रहने वाले प्रियांक मिश्रा ने भी शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित किया है. प्रियांक ने सीनियर 93 किलोग्राम के क्लासिक (अनइक्विप्ड) वर्ग में कुल 525 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया. यह इस टूर्नामेंट में प्रियांक का दूसरा पदक है.


इससे पहले वह इक्विप्ड कैटेगरी में स्वर्ण पदक भी जीत चुके हैं. अपने करियर के पहले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में ही पोडियम फिनिश कर प्रियांक ने राज्य और देश का नाम चमका दिया है. दक्षिण अफ्रीका में चली यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप 12 जुलाई 2026 को संपन्न हुई.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP