छत्तीसगढ़: नया मोबाइल खरीदने के लिए मां ने नहीं दिए पैसे, नाराज युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर के महावीरपुर में मां द्वारा नया स्मार्टफ़ोन खरीदने के लिए 3-4 हज़ार रुपये न दे पाने से आहत होकर एक 26 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सूरजपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम महावीरपुर में रहने वाले 26 वर्षीय गोलू बरगाह ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. घटना के पीछे की वजह सिर्फ इतनी थी कि युवक नया एंड्रॉइड मोबाइल खरीदना चाहता था, लेकिन मां के पास पैसे न होने के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया.
मृतक गोलू, जो कि मजदूरी का काम करता था, किस्त (EMI) पर नया स्मार्टफोन लेना चाहता था. इसके लिए उसे डाउन पेमेंट के तौर पर दुकानदार को 3 से 4 हजार रुपये देने थे. उसने अपनी मां से यह रकम मांगी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण मां ने रुपये देने में असमर्थता जताई. इस बात से नाराज होकर युवक घर से मर जाने की बात कहकर निकल गया.
युवक का घर रेलवे ट्रैक से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित था. जैसे ही वहां से दुर्ग-अंबिकापुर ट्रेन गुजरी, उसने अचानक पटरी पर पहुंचकर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी. ट्रेन की भीषण टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल होकर दूर जा गिरा.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में युवक को अंबिकापुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गए. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस दुखद घटना के बाद से ही माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है.