छत्तीसगढ़: कोरबा में बीमार महिला से रेप
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा के सिविल लाइन थाना अंतर्गत रामपुर क्षेत्र में लंबे समय से पीलिया की बीमारी से जूझ रही महिला की लाचारी का फायदा उठाकर एक युवक ने उसके साथ अनाचार किया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर ही आरोपी को दबोच लिया है.
जानकारी के अनुसार, पीड़िता पिछले एक साल से गंभीर बीमारी के कारण शारीरिक रूप से बेहद कमजोर है. सोमवार की शाम जब उसका पति काम पर गया था और बच्चे घर में खेल रहे थे, तभी आरोपी अर्जुन नेताम वहां पहुंचा.
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले बच्चों को किसी बहाने से कमरे के अंदर भेजा और फिर बेबस महिला के साथ दरिंदगी की. शोर मचाने से रोकने के लिए उसने पीड़िता के मुंह को कपड़े से दबा दिया था. आरोपी की पहचान रामपुर बस्ती निवासी के रूप में हुई है, जो आदतन नशा करने का आदी बताया जा रहा है.
वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से भाग निकला, जिसके बाद महिला ने पड़ोसियों को आपबीती सुनाई.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता के बयान और पहचान के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी वारदात से कुछ देर पहले ही पीड़िता के पति के साथ उसके घर आया था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उसने पहले ही रेकी कर ली थी. पुलिस फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्यवाही कर रही है.