कोरबा: जंगल में एक ही पेड़ पर लटके मिले दो दोस्तों के शव
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेलाकछार के जंगलों में दो युवकों ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. गुरुवार सुबह जब ग्रामीण जंगल की ओर गए, तब उन्होंने एक ही पेड़ पर दो शवों को लटकते देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
मृतकों की पहचान बेलाकछार निवासी 27 वर्षीय प्रमोद कंवर और 26 वर्षीय अमित माथुर के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों युवक आपस में गहरे दोस्त थे और बुधवार दोपहर करीब एक बजे घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे.
जब देर शाम तक वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. अमित के परिजनों ने उसे फोन भी किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. रात भर खोजबीन के बाद भी जब उनका सुराग नहीं लगा, तो सुबह उनकी मौत की खबर सामने आई.
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने कपड़े का फंदा बनाकर एक साथ जान दी है. वे बालको पावर प्लांट में बतौर ठेका श्रमिक कार्यरत थे, लेकिन पिछले कुछ समय से काम पर नहीं जा रहे थे.
मौके पर पहुंची बालको पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि इस आत्मघाती कदम के पीछे की असल वजह का पता लगाया जा सके. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी.