जशपुरनगर: एम्बुलेंस की देरी, बुजुर्ग महिला को ठेले पर अस्पताल पहुंचाया
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के मुख्यालय जशपुरनगर में रविवार रात करीब 8 बजे दबारी टोली की 70 वर्षीय वृद्धा रजनी होता की अचानक तबीयत बिगड़ गई. उन्हें तेज सिरदर्द के साथ उल्टियां होने लगीं. अकेले रहने वाली इस बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर देख स्थानीय युवकों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को कॉल किया.
वेद प्रकाश तिवारी, शंकर ताम्रकार, विशाल नायक, मंगल पांडे और राजेश गुप्ता जैसे युवा मौके पर पहुंचे. उन्होंने कई बार फोन करने के बावजूद एम्बुलेंस न मिलने पर इंतजार छोड़ दिया और पास खड़े एक हाथ ठेले का सहारा लिया. महिला को ठेले पर लिटाकर वे तेजी से जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका तत्काल इलाज शुरू किया गया.
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद 108 सेवा की कार्यक्षमता और स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोग इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही का स्पष्ट उदाहरण बता रहे हैं.
जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीएस जात्रा ने मामले की संज्ञान लेते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर जानकारी ली. उन्होंने बताया कि महिला को उच्च रक्तचाप से संबंधित शिकायत थी, और अब उनका उपचार चल रहा है तथा स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है. एम्बुलेंस न मिलने के आरोप पर डॉ. जात्रा ने कहा कि कभी-कभी नेटवर्क की समस्या या लाइन व्यस्त होने से तकनीकी दिक्कत आ जाती है. उन्होंने स्वयं जांच करने पर बाद में कॉल का रिस्पॉन्स मिला था.