रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

पत्थलगांव में नर्स ने नवजात बच्ची को अवैध रूप से बेचा, 3 गिरफ्तार

C

CG Khabar

15 सित. 2025, 02:36 PM 3 मिनट में पढ़ें 2

नर्स ने बच्ची को बेचा
नर्स ने बच्ची को बेचा

जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां शासकीय अस्पताल में कार्यरत एक नर्स ने एक नवजात बच्ची को उसके माता-पिता से धोखे में रखकर अवैध रूप से एक दंपत्ति को सौंप दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नर्स और बच्ची को गोद लेने वाले दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया है. नवजात बच्ची को सुरक्षित बरामद कर चाइल्ड हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में रखा गया है.


पत्थलगांव के कोडेकेला घरजियाबथान निवासी सुखदेव नाग (45 वर्ष) ने थाना पत्थलगांव में शिकायत दर्ज की थी. उनकी पत्नी दिलासो बाई ने 28 अगस्त 2025 को शासकीय अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया. 30 अगस्त को अस्पताल से छुट्टी के समय नर्स अनुपमा टोप्पो (33 वर्ष, निवासी गिरांग, जशपुर) ने बच्ची को टीकाकरण के बहाने ले लिया और परिजनों को बताया कि बच्ची की तबीयत खराब है, जिसके कारण उसे इलाज के लिए बाहर भेजना पड़ेगा.

विज्ञापन


नर्स ने सुखदेव से कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी करवाए. इस दौरान कोरबा निवासी निशिकांत मिंज (43 वर्ष) और उनकी पत्नी सुमन वानी मिंज (43 वर्ष) भी वहां मौजूद थे, जिन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि वे बच्ची का इलाज करवाकर उसे वापस लौटाएंगे.


पुलिस की कार्रवाई


समय बीतने के बाद जब बच्ची वापस नहीं लौटाई गई, तो सुखदेव को शक हुआ. उन्होंने मामले की पड़ताल की, तो पता चला कि बच्ची को कोरबा के दंपत्ति को अवैध रूप से सौंप दिया गया था. सुखदेव की शिकायत पर पुलिस ने जेजे एक्ट की धारा 80 और 81 के तहत मामला दर्ज किया.


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन और एसडीओपी धुर्वेश जायसवाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तुरंत जांच शुरू की. जब कोरबा के दंपत्ति से बच्ची को गोद लेने के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद पुलिस ने नर्स अनुपमा टोप्पो, निशिकांत मिंज और सुमन वानी मिंज को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया.


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नवजात बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया और उसे चाइल्ड हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में रखा गया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया, "यह एक गंभीर मामला है, जिसमें नर्स ने माता-पिता को धोखा देकर उनकी नवजात बच्ची को अवैध रूप से बेच दिया. शिकायत मिलते ही हमने त्वरित कार्रवाई की और बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया. सभी आरोपी अब हिरासत में हैं, और मामले की गहन जांच जारी है."


(फोटो- प्रतीकात्मक)

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP