रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर में बस और हाइवा के बीच भीषण भिड़ंत, 20 से अधिक यात्री जख्मी

C

CG Khabar

13 फ़र. 2026, 02:00 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

बस एक्सीडेंट
बस एक्सीडेंट

जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गुरुवार को बगीचा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दुर्गम रौनी घाट पर एक यात्री बस और तेज रफ्तार हाइवा के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में बस में सवार 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए बगीचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, कुछ यात्रियों की स्थिति नाजुक बनी हुई है.


मिली जानकारी के अनुसार, शमीम ट्रांसपोर्ट की यात्री बस दोपहर लगभग 2:30 बजे बगीचा से कुसमी की ओर रवाना हुई थी. बस में क्षमता के अनुसार लगभग 50 यात्री सवार थे. रौनी घाट के खतरनाक मोड़ों को पार करने के दौरान यह हादसा हुआ. 

विज्ञापन


प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घाट की बनावट और बस की लंबाई के कारण चालक को मोड़ों पर वाहन को रॉन्ग साइड में ले जाना पड़ रहा था. इसी दौरान एक अंधे मोड़ पर सामने से आ रहे हाइवा से बस की सीधी टक्कर हो गई.


हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया है. बस की केबिन में बैठे यात्रियों को सबसे अधिक चोटें आई हैं. 


टक्कर लगते ही बस के भीतर चीख-पुकार मच गई; झटके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई यात्री सीटों से नीचे गिर गए और सामने वाली सीटों से जा टकराए. घटना के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों और एम्बुलेंस की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां स्वास्थ्य कर्मियों की टीम घायलों की देखरेख में जुटी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP