जशपुर: तेज रफ्तार बोलेरो का तांडव, 3 की मौत, 22 से अधिक घायल
जशपुर । संवाददाता: मंगलवार देर रात जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के जुरुडांड गांव में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान एक भयानक सड़क हादसा हो गया. एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बोलेरो कार जुलूस में शामिल भीड़ पर चढ़ गई, जिसके परिणामस्वरूप तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 22 से अधिक लोग घायल हो गए. पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जिनके नाम इस प्रकार हैं: अरविंद (19 वर्ष), पिता: तोबियस केरकेट्टा, विपिन कुमार प्रजापति (17 वर्ष), पिता: देवनारायण, खिरोवती यादव (32 वर्ष), पति: हरीश यादव
प्रत्यक्षदर्शी टंकेश्वर यादव ने बताया कि बोलेरो की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने जुलूस में शामिल लोगों को रौंद दिया और कई लोगों को हवा में उछाल दिया. हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चालक की पिटाई कर दी, जबकि गाड़ी में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए. पुलिस ने बोलेरो और चालक को अपने कब्जे में ले लिया है. गाड़ी अंबिकापुर से कुनकुरी की ओर जा रही थी.
घटना की सूचना मिलते ही जशपुर विधायक रायमुनि भगत, कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशिमोहन सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे. विधायक ने अस्पताल में घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया. कलेक्टर ने बताया कि गंभीर घायलों के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में बेहतर इलाज की व्यवस्था की गई है और नायब तहसीलदार को भी वहां भेजा गया है. एसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
हादसे के बाद सभी घायलों को बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां बीएमओ डॉ. सुनील लकड़ा और उनकी टीम ने रातभर उनका इलाज किया. गंभीर रूप से घायल लोगों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा स्वयं उपचार की निगरानी कर रहे हैं. मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम शुरू कर दिया गया है.