रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

एलएंडटी कंपनी के भारी वाहन ने बाइक सवार को रौंदा

C

CG Khabar

16 दिस. 2025, 07:43 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एलएंडटी (L&T) कंपनी की स्लरी पाइपलाइन विस्तार परियोजना के दौरान एक और गंभीर हादसा सामने आया है. कंपनी के भारी वाहन ने एक बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसके दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को गंभीर हालत में हैदराबाद रेफर किया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि युवक के पैर दोबारा काम करने की स्थिति में नहीं रहेंगे.


घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों और परिजनों ने कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि परियोजना के नाम पर आदिवासी इलाकों में जान-माल की सुरक्षा पूरी तरह नजरअंदाज की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि स्लरी पाइपलाइन विस्तार के दौरान इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें आदिवासियों को जान और माल का नुकसान उठाना पड़ा है.

विज्ञापन


ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी के भारी वाहन तेज रफ्तार से गांवों के बीच से गुजरते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी के कुछ कर्मचारी बहु-बेटियों के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हैं, जिससे भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.


घटना के बाद ग्रामीणों ने मांग की है कि घायल युवक को 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और उसे कंपनी में स्थायी नौकरी प्रदान की जाए. साथ ही परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, वाहनों की गति पर नियंत्रण और स्थानीय लोगों की सहमति से ही काम किए जाने की मांग उठाई गई है.


ग्रामीणों ने कहा कि जिस विकास का दावा किया जा रहा है, वह उनके लिए “कौड़ी के बराबर” भी नहीं है. उनका कहना है कि यहां विकास तो दूर, अब तो अपनी जान बचाना भी मुश्किल हो गया है. फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है, लेकिन ग्रामीण ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP