रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

महासमुंद में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, दो दंपत्ति समेत 4 गिरफ्तार

C

CG Khabar

02 मई 2026, 01:33 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

गांजा तस्कर गिरफ्तार-महासमुंद
गांजा तस्कर गिरफ्तार-महासमुंद

महासमुंद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस ऑपरेशन में दो दंपत्तियों सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 10.270 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है. जब्त किए गए मादक पदार्थ की बाजार में कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है.


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सरायपाली निवासी शंकर बेहरा (45) और उसकी पत्नी चंचल बेहरा (30), तथा ओडिशा के बौद्ध जिले के निवासी कपिल बाकुल (23) और उसकी पत्नी रश्मि बाकुल (20) शामिल हैं. 

विज्ञापन


जांच में सामने आया कि आरोपी दंपत्ति बनकर घूमते थे ताकि पुलिस को उन पर शक न हो, लेकिन निरंतर निगरानी के चलते वे पकड़े गए. पुलिस ने उनके पास से तस्करी में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत 3.15 लाख रुपये बताई जा रही है.


तफ्तीश में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर सरायपाली के देवलभाटा क्षेत्र में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बेचने की फिराक में थे. पुलिस ने 30 अप्रैल को अर्जुनदा गांव के पास घेराबंदी कर इस खेप को पकड़ा. 


सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन महीनों में जिले में विशेष अभियान के तहत 81 मामलों में 5,779 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त कर 213 लोगों को जेल भेजा जा चुका है, जिनमें से अधिकांश बाहरी राज्यों के तस्कर हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP