शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोविड-19 के 50 केस घबराये नहीं

छत्तीसगढ़ में कोरोना के 50 मरीज

C

CG Khabar

07 जून 2025, 02:21 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

कोरोना
कोरोना

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में कोविड-19 के 50 मामलों की पुष्टि हुई है. स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है. सभी मरीजों में सामान्य फ्लू जैसे लक्षण, जैसे हल्का बुखार, सर्दी-खांसी और गले में खराश, देखे गये हैं. विशेषज्ञों के अनुसार, इन लक्षणों के लिये अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं है और अधिकांश मरीज स्थिर हैं.


जांच और निगरानी में तेजी


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 1183 लोगों की जांच की गई, जिनमें 50 लोग कोविड-19 पॉजिटिव पाये गए. सभी संक्रमितों में हल्के लक्षण हैं, और केवल गंभीर मामलों को अस्पताल में भर्ती करने के निर्देश दिये गये हैं. आयुक्त सह संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ने बताया कि संक्रमण की रोकथाम के लिये संपर्क ट्रेसिंग और निगरानी का कार्य तेजी से चल रहा है. संक्रमितों के संपर्क में आये लोगों की जांच और उनके निवास क्षेत्रों में सर्वेक्षण किया जा रहा है.


अस्पतालों की तैयारी पूरी


5 जून 2025 को राज्य भर के अस्पतालों में कोविड-19 से निपटने की तैयारियों का आकलन करने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई. इस दौरान सभी जिलों में चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और आवश्यक निर्देश जारी किये गये. स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, सिविल सर्जनों और मेडिकल कॉलेजों को संदिग्ध मामलों की सतत निगरानी, जांच और सैंपल टेस्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं.


विशेषज्ञों की सलाह: सतर्क रहें, भयभीत न हों


भारत सरकार के स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में कोविड-19 के लक्षण सामान्य फ्लू जैसे हैं, जिससे घबराने की जरूरत नहीं है. राज्य सरकार ने कोविड-19 और मौसमी बीमारियों से निपटने के लिये सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं. अस्पतालों में दवायें, जांच सुविधाएं और चिकित्सकीय संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं.


नागरिकों से अपील


स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि हल्के लक्षण जैसे सर्दी-जुकाम, बुखार या गले में खराश दिखने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें. साथ ही, सभी से सतर्क रहने और भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP